सत्यता, पवित्रता और मिलनसारिता से बनता है श्रेष्ठ व्यक्तित्व – राजयोगिनी जयंती दीदी
आबू रोड, मान सरोवर, 9 सितंबर 2026। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मुख्यालय, आबू रोड स्थित मान सरोवर परिसर में ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय महासम्मेलन के अंतर्गत आज स्वागत सत्र का आयोजन हुआ। इसमें देशभर से प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विद्वान, पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि तथा जनसंपर्क क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया एवं पीआर विंग के वाइस चेयरपर्सन बीके आत्म प्रकाश भाई ने की। इस अवसर पर मीडिया विंग की वाइस चेयरपर्सन बीके सरला बहन, ज्यूरिस्ट्स विंग की चेयरपर्सन राजयोगिनी बीके पुष्पा दीदी, मीडिया विंग नेशनल को-ऑर्डिनेटर बीके शंतनु भाई, ओम शांति मीडिया के संपादक डॉ. बीके गंगाधर भाई, सब-जोनल को-ऑर्डिनेटर बीके शकु बहन तथा मीडिया विंग मुख्यालय को-ऑर्डिनेटर बीके चंदा बहन प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ में ब्रह्माकुमारीज की अतिरिक्त मुख्य प्रशासनिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से आशीर्वचन देते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के जीवन में सत्यता, पवित्रता और मिलनसारिता जैसे गुण होते हैं, वह न केवल अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सकता है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने भीतर के श्रेष्ठ गुणों को जागृत करें और उन्हें अपने व्यवहार एवं कार्यों में प्रकट करें। जब हम परमपिता परमात्मा शिव से सच्चा संबंध जोड़ते हैं और स्वयं को आत्म स्वरूप में देखते हैं, तब परमात्मा से प्राप्त शक्तियां हमारे जीवन को सशक्त बनाती हैं। परमात्मा से प्राप्त शांति, शक्ति, प्रेम, सत्यता और पवित्रता जैसे दिव्य गुण हमारे विचारों, व्यवहार और कर्मों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
जयंती दीदी ने कहा कि श्रेष्ठ विश्व का निर्माण केवल बाहरी परिस्थितियों को बदलने से नहीं, बल्कि स्वयं में परिवर्तन लाने से संभव है। व्यक्ति के विचार और संस्कार सकारात्मक बनते हैं तो उसका प्रभाव परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी पड़ता है। उन्होंने मीडिया को समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच और रचनात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावशाली माध्यम बताते हुए कहा कि मीडिया अपनी शक्ति का सदुपयोग कर श्रेष्ठ विश्व के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
स्वागत गीत, नृत्य और गणेश वंदना ने मोहा मन –
कार्यक्रम के शुभारंभ में पुनीत मेहता ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। तो वहीँ आगरा की श्वेता सागर ने स्वागत नृत्य तथा कोलकाता से आए शिवशक्ति संस्कृति अकादमी के कलाकारों ने गणेश वंदना की सुंदर प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मीडिया एवं पीआर विंग के राष्ट्रीय संयोजक बीके शांतनु भाई ने देशभर से पधारे अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत-अभिनंदन किया।
तत्पश्चात विंग की वाइस चेयरपर्सन बीके सरला बहन ने सम्मेलन के उद्देश्यों तथा मीडिया एवं पीआर विंग की गतिविधियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान की 25 विंग्स में से मीडिया विंग एक महत्वपूर्ण विंग है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1980 में हुई थी। उस समय मुख्य रूप से प्रिंट मीडिया के माध्यम से संस्थान के आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेशों को लोगों तक पहुंचाया जाता था। समय के साथ मीडिया के स्वरूप और तकनीक में व्यापक परिवर्तन आया तथा संस्थान ने भी विभिन्न आधुनिक माध्यमों के द्वारा समाज सेवा के कार्यों का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि महासम्मेलन के दौरान विभिन्न विषयों पर अनेक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो प्रतिभागियों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अपने कार्यक्षेत्र में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने में सहयोग करेंगे।
सकारात्मक विचारों की लहर पैदा कर सकता है मीडिया – आत्म प्रकाश भाई
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में बीके आत्म प्रकाश भाई ने कहा कि आज विश्व में दुःख, अशांति और तनाव बढ़ता जा रहा है। इसके विपरीत सतयुग का वर्णन एक ऐसे सुंदर समाज के रूप में किया गया है, जहां सभी प्रेम, शांति और सद्भाव के साथ रहते थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रों में चार युगों का वर्णन मिलता है। वर्तमान में कलियुग चल रहा है और इसके बाद सतयुग का आगमन होना है। यह सृष्टि परिवर्तनशील है और पुराने संसार का परिवर्तन होकर नए संसार की स्थापना होगी। इसलिए आवश्यकता है कि हम अपने भीतर श्रेष्ठ संस्कार, अच्छे गुण और सकारात्मक सोच विकसित करें। उन्होंने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि मीडिया समाज में सकारात्मक विचारों और श्रेष्ठ संस्कारों की ऐसी लहर पैदा कर सकता है, जिससे लोग सहज रूप से सकारात्मकता की ओर आगे बढ़ें।
मूल्य आधारित पत्रकारिता से बनेगा बेहतर समाज – बीके पुष्पा दीदी
इस अवसर पर ज्यूरिस्ट्स विंग की चेयरपर्सन राजयोगिनी बीके पुष्पा दीदी ने कहा कि मीडिया केवल सूचनाओं के प्रसार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज की सोच और दिशा को प्रभावित करने वाली सशक्त शक्ति है। इसलिए मीडिया को सकारात्मक, रचनात्मक एवं मूल्य आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया अपनी शक्ति का उपयोग सकारात्मक, प्रेरणादायी और मूल्य आधारित संदेशों के प्रसार के साथ महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
डॉ. बीके गंगाधर भाई ने शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सशक्त और जिम्मेदार मीडिया केवल खबरें लोगों तक नहीं पहुंचाता, बल्कि समाज की सोच को सकारात्मक दिशा देकर बेहतर विश्व के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान बीके शकु बहन ने सभी प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन की अनुभूति कराई। राजयोग के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों ने शांति एवं आत्मिक शक्ति की अनुभूति की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बीके चंदा बहन, मुख्यालय को-ऑर्डिनेटर, मीडिया एवं पीआर विंग द्वारा किया गया।
