विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज केन्द्र तथा महाराज बाड़े पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्वालियर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की मेडिकल विंग (आर ई आर एफ) द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय विभाग के साथ पूरे देश में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा रहा है। उसी क्रम में आज विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर ग्वालियर के स्थानीय सेवाकेन्द्र पर तथा महाराज बाड़े पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को तंबाकू एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
पुराना हाईकोर्ट लाईन स्थित संगम भवन केन्द्र पर बीके प्रहलाद एवं बीके डॉ गुरचरण सिंह ने किसी भी परिस्थिति में हर प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने मित्र सम्बन्धियों को भी नशे से दूर रहने का संकल्प कराया तो वहीं महाराज बाड़े बड़ी संख्या में एकत्रित श्रम करने वाले भाईओं को सन्देश देते हुए बीके जीतू और बीके पवन ने नशा न करने की शपथ दिलाई।
बीके प्रहलाद ने कहा कि “नशा, नाश की जड़ है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का एक बड़ा सत्य है। नशा धीरे-धीरे व्यक्ति की सेहत, धन, समय, संबंध और सम्मान सभी को नष्ट कर देता है। शुरुआत में लोगों को ऐसा लगता है कि यह तनाव से राहत या क्षणिक आनंद का साधन है, लेकिन धीरे-धीरे व्यक्ति इसकी गिरफ्त में आकर अपना मानसिक एवं शारीरिक संतुलन खो बैठता है।
इसलिए हमें नशे से दूर रहना चाहिए।

बीके डॉ गुरचरण सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक घातक रोगों का प्रमुख कारण है। नशे की आदत व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। इसलिए समय रहते इस बुरी आदत से मुक्त होना आवश्यक है।

बीके जीतू ने कहा कि राजयोग ध्यान नशामुक्ति के क्षेत्र में हमें बहुत मदद कर सकता है। राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति आत्म-जागरूक बनता है, उसकी इच्छाशक्ति बढ़ती है तथा वह नकारात्मक आदतों पर विजय प्राप्त कर सकता है।
बीके पवन ने सभी को आत्मबल बढ़ाने और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सभी से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया।
उपस्थित जनसमूह ने नशा न करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुमेर, सुरेश, नारायण, मनोज, अभय, किरण, रामसिंह, बीएम सोनी, अनूप, एडवोकेट जितेंद्र, रामसेवक, रीता, गीता, राधा, मोहिता, माधवी, विनीत, डॉ शुभम सहित दोनों ही जगहों पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Follow Now
Telegram Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *