ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के साकार संस्थापक पिताश्री ब्रह्मा बाबा के पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की मेडिकल विंग राजयोग एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन तथा सिम्स मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में आज प्रभु उपहार भवन, माधोगंज में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित हुआ। जिसमें 150 से अधिक मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर संबंधी जानकारी देते हुए बी.के. प्रहलाद भाई ने बताया कि शिविर में सिम्स हॉस्पिटल, ग्वालियर के वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सर्जन डॉ. ओ.पी. शुक्ला, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंह, जनरल फिजीशियन डॉ. विनोद शाक्य, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा गौतम, नेत्र रोग सहायक श्री युवराज सिंह द्वारा मरीजों का निःशुल्क परीक्षण कर उचित परामर्श दिया गया तथा आवश्यक जांचें भी नि:शुल्क की गईं।
शिविर का शुभारंभ अतिथियों एवं चिकित्सकों द्वारा परमपिता परमात्मा को याद कर किया गया।
इस अवसर पर सिम्स हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. ओ.पी. शुक्ला ने बताया कि शिविर के माध्यम से जिन मरीजों का इलाज हेतु चयन किया जाएगा, उनका उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत सिम्स हॉस्पिटल, ग्वालियर में निःशुल्क किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ग्वालियर की केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी नें कहा कि संस्थान के द्वारा विगत कई वर्षों से समय समय पर इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाता है, ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर बीके रोशनी, बीके शिवांश, गणेश, सुरेंद्र, वीरेंद्र, कल्पना सहित अनेकानेक सेवाधारी उपस्थित थे। तथा सिम्स हॉस्पिटल के अतिरिक्त अधीक्षक विंग कमांडर डॉ अक्षय सुरंगलिकर, एन. बी. भार्गव, दीपक कुरसेना, राहुल दुबे, भूपेंद्र भदौरिया, गोविन्द राणा, रचना सावंत एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और इस सेवा कार्य की सराहना की।






